प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। खेल निदेशालय उत्तराखंड सरकार जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल तथा खेल कार्यालय नरेंद्रनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय अंडर-18 बालक एवं बालिका खो-खो प्रतियोगिता का भव्य समापन मुनि की रेती स्थित पूर्णानंद खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता में जनपद की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा का परिचय दिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के नरेंद्रनगर मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर तथा विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावल और ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव नवीन रयाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि रमेश पुंडीर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल अनुशासन टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। आज की मेहनत ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिला सकती है। जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावल और ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव नवीन रयाल ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में बालक वर्ग में खेलो इंडिया सेंटर ने प्रथम तथा पूर्णानंद खेल मैदान की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में नालंदा अकादमी ने प्रथम और खेलो इंडिया सेंटर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 तथा बालिका वर्ग की 6 टीमों सहित कुल 160 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल विभाग के कोच एवं निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में टेक सिंह राणा अमन अंकित उपाध्याय हेमंत भारती मनीष गोस्वामी दीपक रावत सहित जिला खेल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
