Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के सभी विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ मेले से संबंधित निर्माण मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं एवं विकास कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। इसके लिए कांवड़ मेला क्षेत्र की सड़कों फुटपाथों घाटों, पुलों तथा सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई में नगर निगम एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। मां मनसा देवी मंदिर क्षेत्र में दूसरे दिन भी चला विशेष स्वच्छता अभियान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत “स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार अभियान” के अंतर्गत मां मनसा देवी मंदिर परिसर पैदल मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्र में दूसरे दिन भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। स्वच्छता अभियान में राजाजी टाइगर रिजर्व के 15 कर्मचारियों तथा मनसा देवी मंदिर समिति के 25 सफाई कर्मियों सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान मंदिर परिसर पैदल मार्ग सीढ़ी मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्र की व्यापक सफाई की गई। प्लास्टिक कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रह कर उनका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक भी किया गया। जिन स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया वहां नियमित निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ पटरी मार्ग पर तेजी से चल रहा मरम्मत एवं झाड़ी कटान कार्य कांवड़ पटरी मार्ग पर जिला पंचायत लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा झाड़ियों की कटाई सड़क मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। जिला पंचायत द्वारा सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत एवं उन्हें उपयोग योग्य बनाने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। वहीं सिंचाई विभाग बैरागी कैंप एवं अलकनंदा पार्किंग क्षेत्र को सुव्यवस्थित बनाने में जुटा है जबकि जल निगम द्वारा पेयजल लाइनों के विस्तार एवं मरम्मत का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ मेले से पूर्व सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp