Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हरेला पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास श्रीनगर गढ़वाल के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से चौरास क्षेत्र में प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लेते हुए लोगों को एकल उपयोग प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर चौरास क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से भ्रमण किया तथा आमजन से पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। विद्यार्थियों ने आकर्षक नारों के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया। रैली के दौरान प्लास्टिक हटाओ हरा-भरा जग बनाओ स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ जीवन पेड़ लगाओ प्रकृति बचाओ जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। विद्यार्थियों ने लोगों से कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करने तथा प्लास्टिक का प्रयोग छोड़ने का आग्रह किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि हरेला पर्व केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और वे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य करते हैं। रैली के समापन पर छात्र-छात्राओं ने सभी नागरिकों से प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रकृति संरक्षण के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp