Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा चाकू वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल महिला से लूटे गए झुमके तथा तोड़े गए मोबाइल फोन के पार्ट्स और बैटरी भी बरामद की है। वारदात के बाद से चारों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे जिन्हें पुलिस ने सटीक सूचना और लगातार की गई कार्रवाई के बाद दबोच लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने इस गंभीर अपराध के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान चार आरोपी घर में घुस आए और तमंचे के बल पर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के कानों से झुमके लूट लिए तथा उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के अगले दिन पीड़िता की शिकायत पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए विभिन्न टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी क्रम में 14 जुलाई को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध तमंचा एक चाकू वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल महिला से लूटे गए झुमकों की एक जोड़ी तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स और बैटरी बरामद की। बरामदगी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आवश्यक कानूनी धाराएं भी बढ़ाई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम पुत्र गम्भीर (24 वर्ष) शेखर पुत्र चादकीराम (22 वर्ष) अरुण पुत्र दलीप (23 वर्ष) निवासी ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी तथा विकास पुत्र राजेन्द्र (25 वर्ष) निवासी ग्राम महाखड़ी थाना सयाना जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह उपनिरीक्षक विपिन कुमार (चौकी प्रभारी फेरूपुर) उपनिरीक्षक बबलू चौहान महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा कांस्टेबल दीपक चौधरी मुकेश चौहान जयपाल चौहान राकेश नेगी तथा नारायण सिंह शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *