Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर चमोली पुलिस ने “हर गांव का यही पैगाम – एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पूरे जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखण्ड का संदेश दिया। जनपदभर के थाना चौकियों पुलिस कार्यालयों पुलिस लाइन और फायर स्टेशनों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने राजकीय पॉलिटेक्निक घिंघराण क्षेत्र में वन विभाग द्वारा आयोजित हरेला महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए पौधारोपण किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी प्रभागीय वनाधिकारी अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग प्रियंका सुंडली प्रभागीय वनाधिकारी बदरीनाथ-केदारनाथ वन प्रभाग सर्वेश कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट एवं पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ घिंघराण क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थाना चौकियों पुलिस कार्यालयों पुलिस लाइन फायर स्टेशन परिसरों के साथ-साथ कोतवाली श्री बद्रीनाथ एवं दूरस्थ सीजनल चौकी घांघरिया में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान बाँज सुरई रीठा देवदार माल्टा नींबू अमरूद संतरा आड़ू खुमानी आँवला एवं काफल सहित स्थानीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इन पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण योगदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *