Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरेला पर्व के पावन अवसर पर कोतवाली खानपुर परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 9 यूनिट रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सेवा का संदेश दिया। रक्तदान शिविर का उद्देश्य अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना तथा समाज के प्रति पुलिस की संवेदनशील एवं सेवाभावी भूमिका को और सशक्त बनाना था। शिविर का आयोजन रुड़की ब्लड सेंटर की विशेषज्ञ मेडिकल टीम के तकनीकी सहयोग से किया गया। मेडिकल टीम ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचा सकता है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने समाज सेवा और मानवता के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *