Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं दान सामग्री में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सह आरोपी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजी और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले की जांच लगातार साक्ष्य आधारित तरीके से जारी है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में मामले की गंभीरता और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए जांच निष्पक्ष पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से की जा रही है। विवेचना के दौरान उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजी एवं मौखिक साक्ष्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार किया गया। इस मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर कोतवाली बदरीनाथ में मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 को नामजद आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया था जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है। जांच को आगे बढ़ाते हुए एसआईटी ने थाली भेंट गणना कक्ष की विभिन्न तिथियों की सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया तथा संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि बीकेटीसी के स्थायी कर्मचारी एवं तत्कालीन मंदिर अधिकारी तथा थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान ने प्रमोद नौटियाल के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत थाली भेंट गणना के दौरान प्राप्त धनराशि एवं अन्य दान सामग्री का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में लिया। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में 22, 25 और 29 जून 2026 को राजेंद्र चौहान कई अवसरों पर 500 रुपये के नोटों की गड्डियां दान सामग्री तथा आभूषण अपनी जेब में रखते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में संबंधित कानूनी प्रावधान जोड़े गए और राजेंद्र चौहान का नाम सह आरोपी के रूप में शामिल किया गया। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को पुलिस टीम राजेंद्र चौहान को ज्योतिर्मठ से पूछताछ के लिए बदरीनाथ थाना लाई जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वर्तमान में उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना आगे भी जारी है और नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp