Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने चोरी के पाइप खरीदकर उन्हें काटकर कबाड़ में छिपाने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए चोरी के पाइपों को टुकड़ों में काटकर अन्य कबाड़ के नीचे छिपा दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नरेंद्रनगर पुलिस ने चोरी का माल खरीदकर उसे खुर्द-बुर्द करने और छिपाने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ग्राम साबली निवासी जयराज सिंह खण्डका की शिकायत पर गजा-चंबा मोटर मार्ग स्थित पंपिंग योजना से 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्यों तथा सुरागरसी के आधार पर 15 जुलाई 2026 को सहवान और उस्मान को गिरफ्तार कर चोरी किए गए पाइप बरामद किए थे। दोनों आरोपियों को पहले ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। आगे की विवेचना में पता चला कि चोरी के पाइप बहादराबाद स्थित महादेव एंटरप्राइजेज के संचालक राजकुमार को बेचे गए थे। पूछताछ में राजकुमार ने स्वीकार किया कि उसने चोरी के पाइपों को टुकड़ों में काटकर अन्य कबाड़ के नीचे छिपा दिया था ताकि पुलिस कार्रवाई से बचा जा सके और साक्ष्य नष्ट हो जाएं। चोरी का माल खरीदने उसे खुर्द-बुर्द करने और छिपाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने 17 जुलाई को राजकुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी राजकुमार निवासी भाटिया नगर फव्वारा चौक यमुनानगर (हरियाणा)। वर्तमान में महादेव एंटरप्राइजेज सलेमपुर रावली महदूद बहादराबाद जनपद हरिद्वार का संचालक है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा उपनिरीक्षक यशवंत खत्री तथा अपर उपनिरीक्षक शांतिप्रसाद डिमरी शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चोरी अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में कम कीमत पर सामान खरीदना या बेचना भी अपराध है। चोरी का माल खरीदने छिपाने या उसके साक्ष्य मिटाने वालों के विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp