Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन में उद्योग विभाग की ओर से सिंगल विंडो सिस्टम के अंतर्गत गठित जिला प्राधिकृत समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में नए उद्योगों की स्थापना से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए प्राप्त छह आवेदनों पर विचार किया गया। इनमें से पांच प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई जबकि होटल से संबंधित एक आवेदन में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सैद्धांतिक स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी किया जाना है उनसे जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का माह के अंत तक अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को समयबद्ध तथा पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में जिन पांच औद्योगिक इकाइयों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई उनमें एक एडिबल नट प्रोसेसिंग यूनिट दो सोलर पावर प्लांट एक आयुर्वेदिक हर्बल सप्लीमेंट यूनिट तथा एक कोरोगेटेड बॉक्स निर्माण इकाई शामिल हैं। इन इकाइयों की स्थापना से जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग लीड बैंक प्रबंधक मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी सहित समिति के अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp