Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी ने बोराड़ी स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्मिकों की उपस्थिति अभिलेखों के रखरखाव कार्यालय की साफ-सफाई तथा निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित समय तक कुछ कार्मिक कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए थे। इस पर अपर जिलाधिकारी ने विलंब से कार्यालय पहुंचने वाले तथा अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि फील्ड कार्मिकों की उपस्थिति एवं भ्रमण संबंधी विवरण कार्यालय में उपलब्ध नहीं था। साथ ही पुराने दस्तावेजों और अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकांश अभिलेख धूल से ढके मिले तथा कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था भी अपेक्षित स्तर की नहीं थी। इस पर अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय की साफ-सफाई और रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार लाया जाए। अपर जिलाधिकारी ने कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण करने के साथ निर्माणाधीन भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। साथ ही कार्यालयीन अनुशासन अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और कार्य संस्कृति में सुधार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp