Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार के पौराणिक क्षेत्र कनखल स्थित ऐतिहासिक झंडा चौक का व्यापक सुधार एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रारूप तैयार कर स्थानीय नागरिकों एवं हितधारकों के सुझावों के अनुरूप इसे जल्द धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना का उद्देश्य झंडा चौक की धार्मिक एवं ऐतिहासिक गरिमा को बनाए रखते हुए यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। शनिवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में मेला प्रशासन के अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम ने झंडा चौक का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित योजना पर विस्तृत चर्चा की गई और उनके सुझाव लिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत चौराहे का चौड़ीकरण किया जाएगा जिससे यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। इसके साथ ही पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी तथा आधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी। पूरे क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी जिससे कनखल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और अधिक सुदृढ़ हो सके। बैठक में स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ऐतिहासिक ध्वज स्तंभ को चौराहे के केंद्र में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे बिजली के खंभों एवं अन्य छोटी संरचनाओं को हटाकर उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरे क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण स्वच्छता तथा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता के सहयोग और सुझावों के आधार पर इस योजना को शीघ्र क्रियान्वित किया जाएगा जिससे आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडे पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा भाजपा नेता हिमांशु राजपूत अनिमेष शर्मा सहित कनखल क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यदायी संस्था पीआईयू (लोक निर्माण विभाग) के अभियंता सरीन कुमार तथा मेला अधिष्ठान की टेक्निकल सेल के अभियंता अतुल शांडिल्य भी बैठक में मौजूद रहे। श्रीयंत्र टापू में निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा झंडा चौक के निरीक्षण के बाद अपर मेलाधिकारी ने श्रीयंत्र टापू क्षेत्र का भी दौरा कर कुंभ मेला मद से संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अभियंता प्रवेश कुमार एवं सी.एल.भारती ने बताया कि विद्युत लाइन के सफलतापूर्वक शिफ्ट होने के बाद नदी के दूसरे छोर पर आई-वेल फाउंडेशन का निर्माण कार्य पूरी गति से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुल निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा जिससे आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp