Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की पहल पर श्रीनगर नगर क्षेत्र को जल्द ही आधुनिक 30-सीटर सिटी बस की सुविधा मिलने जा रही है। इस सेवा के शुरू होने से आमजन छात्र-छात्राओं महिलाओं वरिष्ठ नागरिकों कर्मचारियों तथा दैनिक यात्रियों को सुरक्षित सुगम और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होने से लोगों को शिक्षा स्वास्थ्य बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी। श्रीनगर नगर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निर्धारित प्रक्रिया के तहत क्रय समिति द्वारा गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल के माध्यम से टाटा मोटर्स की 30-सीटर सिटी बस का क्रय किया जा रहा है। बस की कुल लागत 22 लाख 50 हजार 429 रुपये निर्धारित की गई है। इसके भुगतान के लिए जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि बस का क्रय कार्य पूर्ण होने के बाद इसे नगर निगम श्रीनगर को हस्तांतरित किया जाएगा। इसके बाद नगर निगम द्वारा नियमित रूप से सिटी बस का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से श्रीनगर नगर क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और नागरिकों को आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सिटी बस विशेष रूप से विद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं महिलाओं वरिष्ठ नागरिकों सरकारी एवं निजी कर्मचारियों तथा प्रतिदिन शहर में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। सार्वजनिक परिवहन की बेहतर व्यवस्था होने से लोगों का समय बचेगा यात्रा अधिक सुरक्षित होगी और कम खर्च में आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रीनगर एक प्रमुख शैक्षणिक एवं प्रशासनिक नगर है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी कर्मचारी और अन्य लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सिटी बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और शहर में वाहनों का दबाव भी कम होगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह पहल सकारात्मक साबित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और जनकेंद्रित विकास के विजन के अनुरूप यह पहल शहरवासियों को आधुनिक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में श्रीनगर नगर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी जिससे शहर के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। सिटी बस सेवा शुरू होने के बाद आमजन को दैनिक आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और श्रीनगर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था एक नए स्वरूप में विकसित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp