Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर आमजन का भरोसा कायम रखते हुए ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से 205 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। सावन माह में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाने वाले लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। थाना सिडकुल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। बरामद मोबाइलों में स्थानीय लोगों के अलावा सिडकुल की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत अन्य राज्यों से आए कर्मचारियों के मोबाइल भी शामिल थे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली तत्परता और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में खोया हुआ मोबाइल उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाना पुलिस की जिम्मेदारी होने के साथ-साथ संतोष का विषय भी है। उन्होंने कहा कि लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाना हरिद्वार पुलिस की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि थाना सिडकुल पुलिस ने बीते 11 महीनों में आठवीं बार बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाए हैं। वर्ष 2026 में अब तक कुल 475 मोबाइल फोन रिकवर किए जा चुके हैं। मोबाइल रिकवरी के मामले में थाना सिडकुल जनपद ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड में भी अग्रणी स्थान पर बना हुआ है। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन रिकवरी के दौरान बरामद किए गए मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। इनमें 4 आईफोन 38 ओप्पो 15 नथिंग 35 सैमसंग 32 रियलमी 12 एमआई 44 वीवो 19 वनप्लस और 6 आईक्यूओओ कंपनी के मोबाइल फोन शामिल हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि आमजन की खोई हुई संपत्ति को शीघ्र बरामद कर उन्हें वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी प्रकार जनसेवा कानून व्यवस्था और जनता के विश्वास को मजबूत बनाने के लिए भविष्य में भी अभियान लगातार जारी रहेंगे। मोबाइल रिकवरी अभियान को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp