Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर राष्ट्रीय मेडिकोज़ संगठन (एनएमओ) वीसीएसजीजीआईएमएस एंड आर श्रीनगर गढ़वाल इकाई द्वारा सोमवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में हरेला वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ.आशुतोष सयाना के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ.सौरभ सचर (उपाध्यक्ष) का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ जबकि कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ.अमन भारद्वाज (सचिव) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में तरुण ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण प्रकृति संवर्धन तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। वृक्षारोपण अभियान में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों चिकित्सकों कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों में अभिषेक श्याम सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। एनएमओ के पदाधिकारियों ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। ऐसे आयोजन समाज में हरित वातावरण के निर्माण, जैव विविधता के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *