प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेले को सुगम सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संचालित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को दूसरे दिन भी पंतद्वीप पार्किंग एवं रोडीबेलवाला क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला प्रशासन नगर निगम सिंचाई विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमणों को हटाया। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में बनी अस्थायी अवैध दुकानों खोखों पटरी रेहड़ियों ठेलियों फड़ों तथा अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर पूरे पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से कांवड़ मेले के दौरान वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात संचालन सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इसके बाद संयुक्त टीम ने रोडीबेलवाला क्षेत्र में भी अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पार्किंग क्षेत्र अथवा मेला मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण न किया जाए। यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के सफल सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान जिला प्रशासन नगर निगम सिंचाई विभाग पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
