प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों एवं अंतरराज्यीय समन्वय को लेकर उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित आयुक्त कार्यालय में सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने की। बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उत्तराखंड की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ.वी.मुरगेशन गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था यातायात प्रबंधन श्रद्धालुओं की सुविधाओं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने दोनों राज्यों के प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम यातायात निर्बाध आवागमन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे ताकि कांवड़ मेला-2026 शांतिपूर्ण सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
