Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श जांच एवं निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न रोगों की जांच स्क्रीनिंग तथा जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 482 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान 158 लोगों की रक्तचाप 103 की मधुमेह 35 की टीबी 10 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर 15 की स्तन कैंसर तथा 37 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत चार गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच भी की गई। इसके अलावा शिविर में 102 एक्स-रे 70 निःशुल्क अल्ट्रासाउंड तथा 168 विभिन्न प्रकार की लैब जांचें की गईं। आठ किशोरियों को मासिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आठ किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण भी किया गया। वहीं तीन लोगों ने निक्षय मित्र बनने के लिए पंजीकरण कराया। इसके साथ ही 22 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 21 जुलाई को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन डॉ.राजीव शर्मा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.अंकित भट्ट डेंटल सर्जन डॉ.हरीश थपलियाल फिजीशियन डॉ.सत्येंद्र कंडारी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.ऊमारानी शर्मा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.सीमा सिंह तथा ईएनटी सर्जन डॉ.अल्का ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.बी.पी.पुरोहित ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विनय बहुगुणा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सूरज नेगी संजना खाम्पा मंजुला चंद्रवाल लैब टेक्नीशियन आशीष किमोठी सारथी जखमोला हरीश कुमेडी कुशालानंद भट्ट सहित एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *