Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत सोमवार को जनपद चमोली में बिहार राज्य के सीतामढ़ी जनपद से प्राप्त 1100 कंट्रोल यूनिट (सीयू) एवं 200 वीवीपैट मशीनों की स्क्रीनिंग का कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शुरू किया गया। पूरी प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा रही है। विकास भवन गोपेश्वर के सामने स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में मोबाइल एप के माध्यम से मशीनों की स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग कार्य का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने किया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन करते हुए स्क्रीनिंग कार्य पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के लिए बिहार राज्य के सीतामढ़ी जनपद से चमोली जनपद को 1100 कंट्रोल यूनिट एवं 200 वीवीपैट मशीनें आवंटित की गई हैं। इन मशीनों को जनपद में पहुंचने के बाद विकास भवन के सामने स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मशीनों की मोबाइल एप के माध्यम से स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मशीनों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पुनः वेयरहाउस में सुरक्षित रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी.सती विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *