प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा को लेकर सोमवार को जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन शासन की प्राथमिकता है इसलिए सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में प्रस्तुत विभागवार प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान जिन विभागों में मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित प्रकरण लंबित पाए गए उन्हें विशेष प्राथमिकता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के उपरांत आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने आमजन की शिकायतें एवं समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जनशिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
