प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड गैरसैंण के दूरस्थ ग्राम हरगढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशासन ने गांव-गांव से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। साथ ही विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ 400 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया। शिविर में ग्राम रोहिड़ा बीना गौगना हरगढ़ नागचुला धरापानी सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग स्वास्थ्य वन पशुपालन खेल आबकारी राजस्व उरेड़ा पीएमजीएसवाई शिक्षा जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों से संबंधित सड़क एवं पैदल मार्गों की मरम्मत विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति शिक्षा व्यवस्था में सुधार घरेलू गैस एवं खाद्यान्न वितरण जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा नंदा गौरा योजना की लंबित धनराशि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क पुलिया एवं अन्य परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण सहित कई जनसमस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके फलस्वरूप अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष मामलों के समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जबकि पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराईं। कृषि एवं उद्यान विभाग ने कृषि योजनाओं की जानकारी एवं तकनीकी परामर्श दिया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान की। महिला सशक्तिकरण एवं खाद्य विभाग ने राशन कार्ड संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराईं। उरेड़ा विभाग ने सौर ऊर्जा योजनाओं की जानकारी दी जबकि शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति एवं शैक्षणिक योजनाओं का मार्गदर्शन किया। राजस्व विभाग ने विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान किया। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी पात्र लाभार्थियों को अपनी-अपनी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। शिविर में कुल 145 शिकायतें एवं मांगपत्र दर्ज किए गए जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचे और आमजन की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल दर्जाधारी राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़ ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी भाजपा जिला महामंत्री अरुण मैठानी उपजिलाधिकारी अबरार अहमद परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
