Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से कुल 57 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा भी की। उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मानसून सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर उपस्थित रहने तथा अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का पंजीकरण प्रत्येक सोमवार को दोपहर एक बजे तक अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि शिकायतों पर समय से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में विकासखंड जाखणीधार के ग्राम कफलोग निवासी पुरुषोत्तम लाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा आपदा के दौरान बनाई गई सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने से मकानों को खतरा होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नई टिहरी को स्थलीय जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विकासखंड नरेंद्रनगर की ग्राम पंचायत छोटी बेरनी निवासी सीता देवी ने बेरनी छोटी से अमसारी मोटर मार्ग के किलोमीटर-2 पर सड़क का मलबा खेतों में आने से भारी नुकसान होने तथा किलोमीटर-1 पर पुश्ता टूटने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इस मामले में लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर एवं जल संस्थान नई टिहरी को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। तहसील टिहरी के ग्राम गुनोगी पट्टी बमुण्ड निवासी सुरती राम ने शिकायत की कि उनके मकान के ऊपर स्थित एक होटल स्वामी द्वारा पुश्ता बनाकर मलबा डंप किया गया है जिसमें दरारें पड़ चुकी हैं। भारी बारिश के चलते प्रशासन ने मकान खाली करने को कहा है। उन्होंने परिवार एवं मवेशियों के लिए वैकल्पिक आवासीय व्यवस्था की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्तरकाशी जनपद के नागणी चिन्यालीसौड़ निवासी अम्बिका प्रसाद एवं अन्य लोगों ने टिहरी बांध परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि का अब तक भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इस मामले में टीएचडीसी एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। कीर्तिनगर के ग्राम धारी के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई लंबी पेयजल लाइन के कारण पर्याप्त पानी नहीं मिलने तथा पेयजल के लिए ट्यूबवेल स्थापित करने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान देवप्रयाग को मामले में आवश्यक कार्रवाई कर पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *