Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ क्षेत्र से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले में प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है इसलिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने चन्द्रभागा एवं खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर विद्युत पेयजल शौचालय प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अस्थायी पार्किंग का टेंडर कराया जा चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्किंग की दर सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए तथा पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम और संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र की पार्किंग पर अनावश्यक दबाव कम करने के लिए देहरादून पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आईडीपीएल सहित अन्य वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बैरिकेडिंग सीसीटीवी कैमरे एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा राम झूला बंद किए जाने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को दोनों जनपदों के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु को वन-वे मार्ग के रूप में उपयोग करने के लिए समय से व्यू-कटर लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग नगर पालिका मुनिकीरेती तथा नगर पंचायत तपोवन को कांवड़ क्षेत्र में स्थित सभी विद्युत पोल स्ट्रीट लाइट पोल एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से चेन लगाने तथा पूर्व में स्थापित सुरक्षा उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए। वन विभाग को मार्गों पर आवागमन में बाधा बनने वाले पेड़ों की लॉपिंग एवं चॉपिंग समय से कराने तथा नीर वाटर फॉल को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सभी होटल ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। नगर निकायों को रात्रि के समय विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा अग्निशमन विभाग को सभी अग्निशमन यंत्रों एवं उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा देवप्रयाग संगम एवं कीर्तिनगर के नदी क्षेत्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती नियमित गश्त सीसीटीवी निगरानी तथा भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य करेंगे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। एसएसपी ने सभी पार्किंग स्थलों घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) सक्रिय रहें तथा कंट्रोल रूम से सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांवड़ मेले की अवधि के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में विद्युत पूर्ति नगर पालिका नगर पंचायत सिंचाई लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का एक-एक कार्मिक तैनात रहेगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों की सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जा सकें और किसी भी समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता तथा वर्चुअल माध्यम से उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी अधिशासी अधिकारी तपोवन एवं मुनिकीरेती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *