प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मदमहेश्वर घाटी क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय राउलेक को अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के रूप में उच्चीकृत किया गया है। इसका विधिवत शुभारंभ रविवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने किया। इस पहल से क्षेत्रवासियों को अब अपने क्षेत्र में ही आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उद्घाटन समारोह में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार सामाजिक कार्यकर्ता दलवीर नेगी ग्राम प्रधान रमेश नौटियाल ग्राम प्रधान मिथिला मनसूना सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के शुभारंभ के अवसर पर चिकित्सालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण चिकित्सकीय परामर्श तथा निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.आर.एस.पाल ने बताया कि चिकित्सालय के उच्चीकृत होने के बाद अब क्षेत्रवासियों को पंचकर्म क्षार-सूत्र गैर-संचारी रोगों के उपचार सहित अन्य आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोगों को उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अपने ही क्षेत्र में मिलेगा। उन्होंने बताया कि अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से तीन दिवसीय चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 20 जुलाई को राउलेक 21 जुलाई को रांसी तथा 22 जुलाई को मनसूना में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इन शिविरों में पहुंचकर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुनित कुमार डॉ.जयलिता डॉ.सुब्रतो कुमार दास डॉ.प्रियंका डॉ.भूपेंद्र चौहान तथा गोविंद तिवारी सहित चिकित्सकीय टीम मौजूद रही।
