प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज कैलाश बंगार में “जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को राज्य में आधारभूत संरचना के विकास से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने रेल सड़क रोपवे उड़ान योजना तथा अन्य महत्वपूर्ण अवस्थापना विकास परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही विभागीय योजनाओं पात्रता आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सेवाओं के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। पशुपालन विभाग ने पशुपालन एवं टीकाकरण योजनाओं उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन योजनाओं मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन प्रोत्साहन कार्यक्रमों तथा डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा समाज कल्याण सेवायोजन कृषि पूर्ति स्वास्थ्य बाल विकास सहित अन्य विभागों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों ने कुल 70 समस्याएं एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। इनमें पेयजल सड़क विद्युत राजस्व मुआवजा पेंशन राशन कार्ड कृषि तथा अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से अधिकांश का संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने कहा कि सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। इस अवसर पर ग्राम प्रधान खलयाण लक्ष्मी देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य खलयाण ललिता देवी ग्राम प्रधान सन अनिल रावत ग्राम प्रधान गैठाणा महिपाल मिंगवाल ग्राम प्रधान बधाणी चन्द्र सिंह खंड विकास अधिकारी जखोली सीडीपीओ जखोली गोल्डी सिंह कृषि सहायक सज्जन सिंह कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान पंकज थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
