प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड दशोली के राजकीय इंटर कॉलेज बछेर में बहुद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़ ने की। शिविर में 600 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 281 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा 26 पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही प्रमाण पत्र तैयार कर वितरित किए गए। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया। कृषि विभाग ने 40 उद्यान विभाग ने 25 समाज कल्याण विभाग ने 12 महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने 6 पशुपालन विभाग ने 43 चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 212 होम्योपैथिक विभाग ने 55 आयुर्वेदिक विभाग ने 80 राजस्व विभाग ने 8 तथा ग्राम्य विकास विभाग ने 151 लाभार्थियों को विभागीय सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं भी सुनी गईं। इस दौरान प्राप्त कुल 22 जनशिकायतों में से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष एक शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया। शिविर में भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी विधायक प्रतिनिधि महिपाल सिंह रावत हर्षवर्धन मैठाणी उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.पुनीत भट्ट खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
