प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी ने टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष एवं सभी टैक्सी चालकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में कांवड़ मेला अवधि के दौरान यातायात संचालन निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करने अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन तथा पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी निरीक्षक ने टैक्सी चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें तथा निर्धारित स्थानों से ही वाहन संचालन करें। साथ ही सवारी बैठाने और उतारने के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि यातायात व्यवस्था किसी भी प्रकार से बाधित न हो। बैठक में सभी वाहन चालकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करते हुए कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस दौरान टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों एवं वाहन चालकों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस प्रशासन के समक्ष रखे। पुलिस अधिकारियों ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक समन्वय और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
