Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को उप तहसील मदननेगी में टिहरी झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण परियोजना के अंतर्गत भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में प्रभावित काश्तकारों की आपत्तियां और सुझाव सुनते हुए अधिकारियों ने उनके समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई में विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर के अंतर्गत आने वाले खाण्ड पाचरी नारगढ़ भौनियाड़ा सान्दणा जलवालगांव मल्ला जलवालगांव तल्ला पथियाणा तथा कंगसाली सहित नौ ग्रामों के 38 प्रभावित काश्तकार शामिल हुए। इस दौरान 17 काश्तकारों ने अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज कराए जिनके निस्तारण की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू कर दी गई है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आपत्तियों का निष्पक्ष पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों को परियोजना भूमि अर्जन पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई का दूसरा चरण 22 जुलाई 2026 को डोबरा-चांठी पुल के समीप आयोजित किया जाएगा। इसमें तहसील मदननेगी एवं टिहरी के शेष नौ ग्रामों के प्रभावित काश्तकारों की आपत्तियां और सुझाव सुने जाएंगे। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि टिहरी झील रिंग रोड परियोजना जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। प्रशासन प्रत्येक प्रभावित परिवार की बात पूरी गंभीरता से सुन रहा है और सभी आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार निष्पक्ष तथा पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने प्रभावित काश्तकारों से जनसुनवाई में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। जनसुनवाई में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी नीलू चावला अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार प्रभारी तहसीलदार मदननेगी प्रदीप कण्डारी नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा प्रधान सहायक बीना सेमवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *