प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सोने के आभूषणों के सहारे ज्वैलर्स से लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह लाख रुपये नकद और चार सोने की चेन बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। कोटद्वार निवासी विभाष अग्रवाल ने 19 जुलाई को कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 मार्च 2026 को रघुवीर नाम का एक व्यक्ति आर्थिक परेशानी का हवाला देकर उनके पास एक सोने की अंगूठी गिरवी रखकर 25 हजार रुपये उधार ले गया था। बाद में उसने पैसे लौटाकर अंगूठी वापस ले ली। इसके बाद 6 जुलाई को वह अपने एक साथी के साथ फिर उनकी दुकान पर पहुंचा और बेटी की शादी के लिए पैसों की जरूरत बताते हुए कुछ सोने के पेंडल देकर उनके बदले तैयार आभूषण और आठ लाख रुपये नकद देने का अनुरोध किया। पहले से कई बार लेन-देन होने के कारण व्यापारी ने उस पर विश्वास कर लिया और उसे आभूषण व नकद राशि दे दी। बाद में जांच कराने पर पता चला कि दिए गए आभूषण नकली थे। इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद मिला और उससे संपर्क नहीं हो सका। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे करीब 170 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की गई। जांच में पता चला कि आरोपी बस से कोटद्वार आए थे और वारदात के बाद नजीबाबाद चले गए। लगातार प्रयासों और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने राजस्थान निवासी तीन आरोपियों रघुवीर नायक विक्रम भोपा और बलवीर नायक को कोटद्वार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छह लाख रुपये नकद और चार सोने की चेन बरामद की गईं। मामले में नामजद आरोपी नीरज निवासी अलवर (राजस्थान) की तलाश जारी है। आरोपियों का ठगी करने का तरीका पूछताछ में पता चला कि आरोपी मूल रूप से राजस्थान के घुमंतू समुदाय से हैं और सुनियोजित तरीके से विभिन्न शहरों के ज्वैलर्स को अपना निशाना बनाते थे। पहले वे असली सोने के आभूषण गिरवी रखकर समय-समय पर ब्याज सहित उन्हें छुड़ा लेते थे। पांच-छह बार ऐसा करने के बाद जब ज्वैलर का उन पर विश्वास बन जाता था तब वे सोने की परत चढ़े नकली आभूषण गिरवी रखकर उसके बदले 60 से 70 प्रतिशत मूल्य की असली सोने की ज्वैलरी और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कलालघाटी क्षेत्र के एक अन्य ज्वैलर को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाने की तैयारी में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी रघुवीर नायक 50 वर्ष निवासी पृथ्वीपुरा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान विक्रम भोपा 35 वर्ष निवासी पृथ्वीपुरा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान बलवीर नायक 30 वर्ष निवासी पृथ्वीपुरा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान फरार आरोपी नीरज निवासी पृथ्वीपुरा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान बरामदगी छह लाख रुपये नकद चार सोने की चेन रघुवीर नायक का आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार रघुवीर नायक के खिलाफ उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में एनडीपीएस एक्ट तथा धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम कोतवाली कोटद्वार उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा उपनिरीक्षक शोयब अली उपनिरीक्षक विनोद चपराना हेड कांस्टेबल करण यादव कांस्टेबल कुलदीप कांस्टेबल चन्द्रपाल होमगार्ड कुलदीप एसओजी/सीआईयू टीम उपनिरीक्षक रणजीत तोमर प्रभारी सीआईयू उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल अपर उपनिरीक्षक अहसान अली हेड कांस्टेबल उत्तम कांस्टेबल गम्भीर कांस्टेबल सितान्शु पौड़ी पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
