प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच विकासनगर–नैनबाग राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-507) दो स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया है। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर मार्ग खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार अवरुद्ध मार्ग को शीघ्र यातायात के लिए सुचारु करने के उद्देश्य से जेसीबी मशीनें मौके पर बुला ली गई हैं और मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है। वहीं गुजराड़ा मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह खुला है। इसके अलावा जनपद के अन्य सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। टिहरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो तो मौसम और मार्ग की ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा पर निकलें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और सावधानी बरतें। पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
