प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना से वंचित 498 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों की आधार सीडिंग एवं डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक जिन छात्र-छात्राओं के बैंक खाते आधार से लिंक न होने के कारण छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सका है उनका डाटा तत्काल दुरुस्त कर आधार सीडिंग एवं डीबीटी प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत जनपद में कुल 498 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित हैं। इनमें विकासखंड अगस्त्यमुनि के 232 जखोली के 194 तथा ऊखीमठ विकासखंड के 72 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में किसी कारणवश आधार सीडिंग संभव नहीं हो पा रही है उनका वास्तविक विवरण तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी शत-प्रतिशत आधार सीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर उसकी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि इसमें किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र छात्र-छात्राएं किसी भी स्थिति में छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहें। इसके लिए सभी शिक्षण संस्थान और संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
