प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जुलाई माह में जनपद स्तरीय अधिकारी विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर बैठकें आयोजित करेंगे। इस दौरान अधिकारी ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर आमजन से संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जारी रोस्टर के अनुसार जिलाधिकारी विकासखंड जखोली के सभागार में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी विकासखंड ऊखीमठ के कविल्ठा ग्राम पंचायत में जनसंवाद करेंगे। उप वन संरक्षक रजत सुमन अगस्त्यमुनि विकासखंड के सतेरा तथा अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा विकासखंड जखोली की जखनोली ग्राम पंचायत में ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इसी क्रम में प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा क्यूंजा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशीष रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर त्रियुगीनारायण उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया माथगांव उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी मदोला उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत परकंडी तथा जिला सूचना अधिकारी के.एल.टम्टा भटवाड़ी सुनार ग्राम पंचायत में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कुल 46 जनपद स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न ग्राम पंचायतों का दायित्व सौंपा गया है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर बैठक आयोजित करें तथा बैठक की विस्तृत आख्या जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
