Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विकास खंड सभागार जखोली में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस एवं जन समर्पण दिवस का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं जिनमें से 34 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। पशुपालन विभाग ने पशुपालन एवं टीकाकरण योजनाओं उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन कार्यक्रमों मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन प्रोत्साहन योजनाओं तथा डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा समाज कल्याण सेवायोजन कृषि पूर्ति स्वास्थ्य बाल विकास सहित अन्य विभागों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं पात्रता आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। तहसील दिवस में ग्रामीणों ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जखवाड़ी के ग्रामीणों ने कोट-जखवाड़ी मल्ली सड़क के डामरीकरण एवं पुश्ता निर्माण की मांग की। देवल निवासी गुरु प्रसाद ने भारी वर्षा से उनके आवासीय भवन एवं पुश्ते को हुई क्षति की जानकारी देते हुए सहायता की मांग रखी। जखनोली निवासी विजेंद्र सिंह मेवाड़ ने जलागम विभाग के माध्यम से क्षेत्र में सोलर लाइटें लगाए जाने का अनुरोध किया। वहीं मुसाढुंग निवासी शेर सिंह ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्राम पंचायत जखोली (लस्या) के प्रधान नरेंद्र सिंह चौहान ने आपदा से क्षतिग्रस्त ग्रामीण मार्गों के शीघ्र सुधारीकरण की मांग की। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जिला प्रशासन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जखोली में आयोजित तहसील दिवस में अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया है जबकि शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से शिकायतकर्ताओं को नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपदा की दृष्टि से सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं एवं संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत जखोली विनीता चमोली मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.आशीष रावत जिला पूर्ति अधिकारी के.एस.कोहली अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेंद्र गुसाईं अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार अधिशासी अभियंता पेयजल निगम रमाकांत गुप्ता अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार सैनी जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *