Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बुधवार को राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज नई टिहरी (बौराड़ी) में दिव्यांगजनों के लिए एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करना कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित करना तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। शिविर में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नई टिहरी के प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जनपद के दिव्यांगजनों को सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकूनी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शिविर में नाक कान एवं अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ मनोचिकित्सकों द्वारा भी दिव्यांगजनों का परीक्षण किया गया। साथ ही आधार कार्ड एवं यूडीआईडी (UDID) कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अलावा जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकूनी ने दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए तथा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। शिविर में कुल 352 व्यक्तियों का पंजीकरण किया गया। इनमें 112 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए 70 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए 65 लाभार्थियों ने यूडीआईडी कार्ड के लिए आवेदन किया जबकि 15 बच्चों के आधार कार्ड भी बनाए गए। शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से क्षेत्रवार वाहनों की व्यवस्था भी की गई जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत भाजपा के जयेन्द्र पंवार बलवंत सिंह रावत सहित स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp