प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कृषि उद्यान एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित जिला राज्य एवं केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति पूर्ण करने तथा लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में सबसे पहले कृषि विभाग ने उत्तराखंड स्टेट मिलेट मिशन राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन तथा कृषि यंत्रीकरण उप मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत की। इसके बाद उद्यान विभाग ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन उद्यानीकरण कार्यक्रम कीवी मिशन एवं एप्पल मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी दी। वहीं मत्स्य विभाग ने मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने जनपद में क्लस्टर आधारित एकीकृत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कृषि उद्यान एवं मत्स्य विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर एकीकृत मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी और कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। जिलाधिकारी ने तीनों विभागों को अपने-अपने विभाग से 50-50 सफल किसानों की सफलता की कहानियां तैयार कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अन्य किसान भी आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने सभी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ करने तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं रीप योजना से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे लाभार्थियों का विवरण मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट जिला उद्यान अधिकारी राजेश जसोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
