प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों थाना प्रभारियों स्थानीय अभिसूचना इकाई फायर सर्विस दूरसंचार एवं अन्य शाखा प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मासिक अपराधों कानून-व्यवस्था लंबित विवेचनाओं चारधाम यात्रा विभिन्न अभियानों तथा पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रभावी पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत पुलिस सम्मेलन से हुई जिसमें एसपी सुरजीत सिंह पँवार ने विभिन्न थानों एवं शाखाओं से आए पुलिस कर्मियों की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस बल का मनोबल और कार्यक्षमता बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक कर्मचारी की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद जून माह की अपराध गोष्ठी में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को एमआरएम जीआरएम समन्वय पोर्टल और सहयोग पोर्टल का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पोर्टलों पर प्राप्त प्रत्येक सूचना शिकायत एवं संदर्भ का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण और विधिसम्मत निस्तारण किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। साथ ही सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर पोर्टलों पर अद्यतन प्रविष्टियां अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएं। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा और संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि सभी आपदा राहत उपकरण 24 घंटे क्रियाशील रहें तथा एसडीआरएफ फायर सर्विस और अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार निगरानी रखने तथा मार्ग अवरुद्ध होने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खुलवाने के निर्देश भी दिए गए। अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं शिकायती प्रार्थना पत्रों समन एवं वारंटों का समयबद्ध निस्तारण करने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वित्तीय एवं साइबर धोखाधड़ी तथा महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में गुणवत्ता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर त्वरित संवेदनशील और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित महिलाओं को तत्काल कानूनी सहायता सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार वांछित इनामी एवं पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी सत्यापन अभियान को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चालान अभियान चलाकर आवश्यकतानुसार वाहन सीज करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों एवं आमजन द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने प्रगति डैशबोर्ड के माध्यम से लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा जीरो एफआईआर एवं ई-जीरो एफआईआर का नियमानुसार तत्काल पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा संचालित सभी अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर घांघरिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को पुलिस मैन ऑफ द मंथ घोषित कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले अन्य पुलिस कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे भविष्य में भी बेहतर कार्य करते रहें। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) दिव्येश उपाध्याय सहित जनपद के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
