Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन चंबा स्थित आरटीसी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने हरिद्वार और मुनि की रेती क्षेत्र में कांवड़ मेला ड्यूटी पर तैनात किए गए लगभग 200 प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी के दौरान सेवा सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और विश्वास को भी कायम रखना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी का व्यवहार उत्तराखंड पुलिस की कार्यसंस्कृति अनुशासन और जनसेवा की भावना को प्रदर्शित करता है इसलिए सभी जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करें। उन्होंने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिसमें दृढ़ता और शालीनता का संतुलन स्पष्ट दिखाई दे। नियमों के उल्लंघन पर आवश्यक सख्ती बरतना जितना जरूरी है उतना ही श्रद्धालुओं की आस्था भावनाओं और धार्मिक गरिमा का सम्मान करते हुए विनम्र संयमित और सहयोगात्मक व्यवहार करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफल पुलिसिंग का मूल मंत्र सेवा सुरक्षा और संवेदनशीलता है। ब्रीफिंग के दौरान प्रशिक्षुओं को यातायात प्रबंधन भीड़ नियंत्रण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन आपसी समन्वय संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अनुशासन सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी श्वेता चौबे ने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद भी किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था उनका मौके पर ही निस्तारण कराया गया जबकि अन्य विषयों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांवड़ मेला ड्यूटी उनके प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण चरण है, जहां उन्हें व्यवहारिक पुलिसिंग का अनुभव प्राप्त होगा। यह अनुभव उन्हें भविष्य में एक सक्षम अनुशासित और संवेदनशील पुलिसकर्मी बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने सभी प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों को पूर्ण निष्ठा ईमानदारी अनुशासन और सेवा-भाव के साथ कांवड़ मेला ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी रिक्रूट आरक्षी उत्तराखंड पुलिस की गरिमा अनुशासन और जनसेवा की परंपरा के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *