प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। भारत की आगामी जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत गुरुवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनपद चमोली के विभिन्न चार्ज अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद के 11 चार्ज क्षेत्रों से लगभग 60 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग करते हुए जनगणना कार्य से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका तैयार करने की प्रक्रिया जनगणना से संबंधित प्रपत्रों के संधारण अभिलेखों के सत्यापन तथा विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना के द्वितीय चरण के सफल पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में चार्ज अधिकारियों तहसीलदारों नगर निकायों एवं विकासखंडों से जुड़े अधिकारियों उपनिरीक्षकों तथा जनगणना कार्य में तैनात तकनीकी सहायकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं संसाधनों के समुचित वितरण तथा नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करें ताकि जनगणना कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण जिला समन्वयक अमित कुमार जिला समन्वयक नितीश रावत तथा सहायक भूलेख अधिकारी चमोली द्वारा प्रदान किया गया।
