Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड देवप्रयाग की क्षेत्र पंचायत की बैठक गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय हिंदोलाखाल स्थित सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अधिकारियों को विकास योजनाओं को गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा के साथ हुई। इसके बाद विद्युत विभाग जल निगम जल संस्थान लोक निर्माण विभाग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की। ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठकों का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में क्षेत्र पंचायत के विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख विकास कैन्तुरा कनिष्ठ प्रमुख राजपाल चौहान क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान जिला पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *