प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को तहसील सभागार कर्णप्रयाग में अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल पौड़ी एवं निर्वाचक नामावली प्रेक्षक उत्तम सिंह चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई तथा इसके बाद प्रेक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। बैठक में प्रेक्षक उत्तम सिंह चौहान ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा प्रत्येक दावा और आपत्ति का नियमानुसार समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना दावों और आपत्तियों का पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना पात्र नागरिकों के छूटे हुए नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा इस प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आमजन से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए आवश्यक है। बैठक के उपरांत प्रेक्षक ने कर्णप्रयाग स्थित मतदान केंद्र संख्या 26 एवं 27 पीएम श्री वीसी दरवान सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज तथा मतदान केंद्र संख्या 28 प्राथमिक विद्यालय कर्णप्रयाग द्वितीय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता पारदर्शिता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह सहायक निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र चंद्र सती सहित संबंधित अधिकारी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य लोग उपस्थित रहे।
