प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली पुलिस ने ग्राम खैनुरी स्थित भूमियाल देवता मंदिर में हुई चोरी का महज चार घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का छत्र और चांदी की अंगूठी शत प्रतिशत बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को कोतवाली चमोली में सूचना मिली कि 21 जुलाई की रात ग्राम खैनुरी स्थित भूमियाल देवता मंदिर से अज्ञात चोर चांदी का छत्र और चांदी की अंगूठी चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई। सूचना मिलने पर कोतवाली चमोली में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर घटना का सफल खुलासा कर आरोपी लखपत सिंह निवासी ग्राम खैनुरी थाना एवं जनपद चमोली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का छत्र और चांदी की अंगूठी शत प्रतिशत बरामद कर ली। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश कांस्टेबल विनोद पंवार कांस्टेबल बनवीर सिंह तथा कांस्टेबल मितेंद्र दत्त शामिल रहे।
