Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थाना थराली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुल‍िस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना थराली में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री पिछले कुछ समय से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। नियमित चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच में उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि अजय कुनियाल निवासी मल्ला मुन्दोली थाना देवाल जनपद चमोली ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही थाना थराली में भारतीय न्याय संहिता तथा पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने थाना थराली पुलिस को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना थराली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जुलाई 2026 को आरोपी अजय कुनियाल निवासी मल्ला मुन्दोली थाना देवाल जनपद चमोली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *