प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पौड़ी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने स्कूटर से अवैध शराब की सप्लाई कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटर को भी सीज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपदभर में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 जुलाई को श्रीनगर पुलिस ने एनआईटी सुमाड़ी के समीप चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध स्कूटर सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटर से एक पेटी और दो बोतल अंग्रेजी शराब कुल 52 पव्वे मैकडॉवेल्स नंबर-1 बरामद हुए। पूछताछ में युवक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन करने के आरोप में मुकेश कैंथोला निवासी श्रीनगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त स्कूटर को भी सीज कर दिया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध श्रीनगर कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
