Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जनपद में मानसून के दौरान खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूर्ति विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग की ओर से सभी सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों पर तीन माह का राशन अग्रिम रूप से पहुंचा दिया गया है। साथ ही भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त खाद्यान्न का भंडारण भी किया गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आपूर्ति की जा सके। जिला पूर्ति अधिकारी के.एस.कोहली ने बताया कि जनपद की सभी 340 सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों तक तीन माह का राशन पहुंचा दिया गया है। मानसून के दौरान संभावित आपात परिस्थितियों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त खाद्यान्न भी सुरक्षित रखा गया है जिससे किसी भी स्थिति में आमजन को खाद्यान्न की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में लगे कार्मिकों तथा जरूरतमंद लोगों के लिए सूक्ष्म जलपान (राहत) पैकेट भी तैयार कर विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध करा दिए गए हैं ताकि आपदा की स्थिति में राहत कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि केदारनाथ यात्रा को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सोनप्रयाग से लेकर केदारनाथ धाम तक सभी यात्रा सेक्टरों में दो माह का अतिरिक्त राशन भी अग्रिम रूप से भेज दिया गया है। इससे यात्रा मार्ग पर किसी भी परिस्थिति में खाद्यान्न की उपलब्धता बनी रहेगी और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त गैस सिलेंडरों का स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्ति विभाग द्वारा खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि पूरे मानसून सीजन में आमजन आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तथा चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *