प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बाल विकास परियोजना जयहरीखाल की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र जयहरीखाल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव गोद भराई उत्सव एवं सामुदायिक आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं धात्री माताओं और अभिभावकों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही बेटियों के सम्मान और उनके संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पर्यवेक्षिका विनीता सजवाण ने उपस्थित गर्भवती महिलाओं धात्री माताओं एवं अभिभावकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग गर्भवती महिलाओं धात्री माताओं तथा जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों के समग्र पोषण स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव तैयार करना है। इस अवसर पर कन्या शिशु के जन्म पर परिवारों को बेबी किट भेंट कर बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और उन्हें समान अवसर प्रदान करने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक प्रमोद सुंदरियाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्रता लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पात्र महिलाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री अर्चना रावत आंगनबाड़ी सहायिका रेखा देवी अनुसेविका ममता रावत सहित क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं धात्री माताएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।
