Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सीमित रोजगार के अवसरों वाले पहाड़ी क्षेत्रों में आज पौड़ी गढ़वाल की हजारों महिलाएं अपने हुनर मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित लखपति दीदी योजना ने महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं बल्कि आत्मविश्वास सम्मान और नई पहचान भी दी है। जनपद में अब तक 33700 से अधिक महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने में सफल हुई हैं। कभी परिवार की आय में सहयोग तक सीमित रहने वाली महिलाएं आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बेकरी कैफे डेयरी किराना बकरी पालन कुक्कुट पालन कृषि तथा बैंक सखी जैसे अनेक क्षेत्रों में सफल उद्यमी बन रही हैं। उनकी सफलता से न केवल उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है। दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी आरती रावत की सफलता इस योजना की प्रेरणादायी कहानी है। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से ‘लखपति दीदी’ के रूप में सम्मानित किया। आरती का कहना है कि यह योजना महिलाओं को केवल रोजगार ही नहीं देती बल्कि अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करती है। मुख्यालय स्थित बेकरी में कार्यरत उमा देवी और कुसुम देवी भी योजना की सफलता की मिसाल हैं। उनका कहना है कि पहाड़ में रोजगार के अवसर सीमित हैं लेकिन लखपति दीदी योजना ने उन्हें अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का अवसर दिया। आज वे नियमित आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं और आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं। सरकारी सहायता से संचालित कैफे में कार्यरत शालिनी पंवार और अंजू थपलियाल बताती हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे अपने परिवार की आय का मजबूत आधार बनेंगी। आज वे सम्मानपूर्वक रोजगार कर रही हैं और भविष्य को लेकर पहले से अधिक आश्वस्त हैं। इसी प्रकार रामेश्वरी देवी ने योजना के सहयोग से अपने छोटे किराना व्यवसाय का विस्तार किया। अब उनकी दुकान की आय बढ़ चुकी है और उन्होंने अन्य व्यवसाय भी शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि इस योजना ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी। परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि जनपद की महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ पहुंचे और वह आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़े। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि जनपद में 33 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी योजना से लाभान्वित होकर व्यक्तिगत और सामूहिक उद्यमों के माध्यम से बेहतर आय अर्जित कर रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को इस अभियान से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल में लखपति दीदी योजना अब केवल एक सरकारी योजना नहीं रह गई है बल्कि यह हजारों महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला अभियान बन चुकी है। इन महिलाओं की सफलता यह साबित करती है कि अवसर प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प मिलने पर पहाड़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *