प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने रविवार को कोतवाली लक्ष्मणझूला में जून माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक लेकर जनपद की कानून व्यवस्था अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी मादक पदार्थों की तस्करी साइबर अपराध महिला एवं बाल सुरक्षा तथा मुख्यालय स्तर से संचालित विभिन्न अभियानों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए। बैठक में ऑपरेशन स्माइल इनामी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई तथा जनजागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को मुख्यालय से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अपेक्षित प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया गया। एसएसपी ने सभी थाना क्षेत्रों की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर अपराध दर में कमी लाने के लिए ठोस रणनीति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों की नियमित समीक्षा की जाए और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने फरार वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा प्रभावी सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखते हुए अवैध परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए साइबर सेल को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए। ऑनलाइन ठगी डिजिटल अरेस्ट निवेश धोखाधड़ी बाल यौन शोषण तथा सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि थानों पर प्राप्त प्रत्येक ई-एफआईआर में थाना प्रभारी स्वयं वादी से संपर्क कर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महिला अपराध एवं बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए महिला हेल्पलाइन महिला सहायता डेस्क एवं बाल सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया। बैठक में बाहरी व्यक्तियों किरायेदारों घरेलू सहायकों तथा श्रमिकों के सत्यापन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। होटल धर्मशाला गेस्ट हाउस और अन्य सार्वजनिक आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में अब तक प्राप्त 536 शिकायतों में से 487 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है जबकि 49 शिकायतें विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। एसएसपी ने लंबित शिकायतों का शीघ्र गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा उनकी नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
