Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चंबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर दो चोरी की कारें एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को कोतवाली चंबा पुलिस चौकी कुमाल्डा बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने सत्यों रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कुछ देर बाद एक संदिग्ध कार पुलिस बैरियर से कुछ दूरी पहले रुककर वापस मुड़ने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी के दौरान चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति बैठा मिला तथा कार की डिग्गी खोलने पर पीछे रखी एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान अंकित (21 वर्ष) एवं दीपक कुमार (22 वर्ष) पुत्र रूप सिंह निवासी ग्राम मल्लावाला लांघा कोतवाली विकासनगर जनपद देहरादून के रूप में बताई। दोनों आपस में सगे भाई हैं। वाहनों के सत्यापन में पता चला कि बरामद मारुति-800 कार कोतवाली चंबा क्षेत्र से चोरी की गई थी जबकि कार में रखी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थाना पुरोला जनपद उत्तरकाशी क्षेत्र से चोरी की गई थी। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 17/18 जुलाई की रात रौसलीखाल-काणाताल क्षेत्र से कार तथा 23/24 जुलाई की रात डामटा क्षेत्र जनपद उत्तरकाशी से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने 28 जून 2026 को ठांगधार-काणाताल क्षेत्र से एक अन्य मारुति-800 कार भी चोरी की थी जिसे उन्होंने सत्यों रोड स्थित जंगल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मौके से उक्त कार तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे योजनाबद्ध तरीके से पुराने एवं कम उपयोग में आने वाले वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे और अवसर मिलने पर उन्हें देहरादून ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की योजना बनाते थे। अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि लगभग दो माह पूर्व त्यूणी क्षेत्र से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा उन्होंने उत्तरकाशी और देहरादून जनपदों में भी अन्य वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है जिनके संबंध में पुलिस गहन जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध संबंधित मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी में दो मारुति-800 कारें एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल शामिल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी संगठित अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। आधुनिक तकनीक प्रभावी चेकिंग एवं मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति वाहन अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल 112 पर देने की अपील की। पुलिस टीम निरीक्षक विपिन बहुगुणा उपनिरीक्षक रवि कुमार उपनिरीक्षक विनय शर्मा मुख्य आरक्षी सुनील राणा मुख्य आरक्षी सूर्य प्रताप सिंह रमोला आरक्षी अंकुर आरक्षी सुबोध कुमार एवं आरक्षी रामचन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp