Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के रक्षा सामरिक एवं भू-राजनीतिक अध्ययन विभाग द्वारा रविवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के ग्राम सभा डांगचौरा में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों और शोधार्थियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया तथा गांव में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय और वीर सैनिकों के अदम्य साहस की याद दिलाता है। भारतीय सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर कारगिल की दुर्गम चोटियों पर एक बार फिर तिरंगा फहराया था। उन्होंने बताया कि मई 1999 में पाकिस्तानी सैनिकों और आतंकवादियों ने कारगिल की ऊंची पहाड़ियों पर अवैध कब्जा कर लिया था। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय चलाकर लगभग 60 दिनों तक चले कठिन संघर्ष के बाद 26 जुलाई 1999 को ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। यह दिन राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के साहस त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए समर्पित है। कार्यक्रम में रक्षा सामरिक एवं भू-राजनीतिक अध्ययन विभाग के सभी शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp