Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने भूमि विवाद अतिक्रमण विद्यालय प्रबंधन साइबर अपराध संपत्ति पर अवैध कब्जा वित्तीय धोखाधड़ी तथा गंगा घाट संरक्षण से जुड़े मामलों में प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायतें रखीं और कार्रवाई की मांग की। नारसन निवासी वीरेंद्र सिंह ने गुरुकुल नारसन इंटर कॉलेज में उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा अधिनियम-2006 के प्रावधानों के तहत नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की। ज्वालापुर निवासी राजपाल ने सलेमपुर महदूद स्थित अपनी भूमि से अवैध झुग्गी-झोपड़ियां और दुकानें हटवाने की गुहार लगाई। फेरुपुर रामखेड़ा निवासी रघुनाथ सिंह ने पुत्री के विवाह और बैंक ऋण का हवाला देते हुए भूमि विक्रय अनुमति प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने का अनुरोध किया। धारीवाला निवासी बबीता ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए निजी विद्यालय से बच्चों की फीस माफ कराने और स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) दिलाने की मांग की। स्वास्तिक संकल्प ट्रस्ट ने “ऑन माई घाट” योजना के अंतर्गत आवंटित गंगा घाट के संरक्षण कार्यों के लिए प्रशासनिक अनुमति एवं सहयोग मांगा। वहीं रानीपुर मोड़ निवासी सपना सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी से अतिक्रमण हटाने की शिकायत दर्ज कराई। रुड़की निवासी अरुण कुमार ने साइबर मामले में डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण एवं निष्पक्ष विवेचना की मांग की। कनखल निवासी अश्वनी चौहान ने संपत्ति पर कब्जे की धमकी शाहपुर शीतला खेड़ा निवासी वेदपाल ने गंगा भूमि से अवैध कब्जा हटाने इब्राहिमपुर निवासी कुंवरपाल ने भूमि की पैमाइश एवं कब्जा हटाने पूर्व सैनिक अनुराग राठी ने भूमाफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई तथा ज्वालापुर निवासी जय कृष्णा शर्मा ने निवेश के नाम पर हुई कथित धोखाधड़ी में धन वापसी की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 502 तथा एल-2 स्तर पर 180 शिकायतें लंबित हैं जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल जिला विकास अधिकारी के.के.पंत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सतीश जोशी महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp