प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन-जन तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने के संकल्प के अनुरूप जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने विकासखंड खिर्सू के निर्मल ग्राम कठूड़ में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर शिक्षा स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। कठूड़ पहुंचने पर जिलाधिकारी का पारंपरिक ढोल-दमाऊं की मधुर धुनों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने गांव के नवनिर्मित प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। ग्राम प्रधान संजय थपलियाल एवं महिला मंगल दल की अध्यक्ष पूजा देवी ने उनका स्वागत किया जबकि पूर्व ग्राम प्रधान श्रवण थपलियाल ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक स्वरूप जिलाधिकारी को कंडी भेंट कर सम्मानित किया गया। चौपाल के दौरान उन्होंने गांव की 94 वर्षीय वरिष्ठ महिला धुपणी देवी को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने कोटी से कमेड़ा-कठूली तक सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है तथा भूमि की संवेदनशीलता से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया लगभग 20 दिनों में पूरी हो जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की प्रगति की जानकारी समय-समय पर ग्रामीणों को भी उपलब्ध कराई जाए। वहीं पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग से गांव तक सड़क निर्माण की मांग पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग ने बताया कि सड़क निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और आगामी एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों ने पशुओं के लिए चारे की समस्या भी उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को नेपियर घास तथा अन्य चारा फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने और कृषि एवं उद्यान विभाग के सहयोग से इस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय स्तर पर पशुपालकों को सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि गांव के प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ती है तो विद्यालय को पुनः संचालित करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने गांव में सीसीटीवी व्यवस्था आंगनबाड़ी केंद्र कंपोस्ट पिट पंचायत भवन तथा अन्य जनसुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि कठूड़ में योजनाबद्ध और रचनात्मक विकास स्पष्ट दिखाई देता है। आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसकी व्यवस्थाओं की प्रशंसा की और कहा कि गांव के लोग सामूहिक भावना के साथ विकास कार्यों में भागीदारी कर रहे हैं जो अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए संसाधनों से अधिक आवश्यक उत्साह जनभागीदारी और सामूहिक इच्छाशक्ति होती है तथा जिला प्रशासन पंचायत की प्रत्येक आवश्यकता के अनुरूप हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि ग्राम पंचायत में अधिकांश मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितकारी प्रयासों की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया। चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने जनता इंटरमीडिएट कॉलेज जामणाखाल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 8 और 9 के विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई विषयों की समझ तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न लिखकर विद्यार्थियों से उत्तर भी पूछे। कक्षा 8 की छात्रा गायत्री ने संतोषजनक उत्तर दिए जिस पर जिलाधिकारी ने उसकी सराहना की और अन्य विद्यार्थियों को भी आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। भविष्य के लक्ष्य पर चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षक पुलिस अधिकारी जवान और डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। जिलाधिकारी ने उनकी आकांक्षाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये सभी समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान प्रौद्योगिकी शोध खेल कृषि पर्यटन उद्यमिता और प्रशासन सहित विभिन्न उभरते करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से आगे बढ़ने की सलाह दी। विद्यालय की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सोलर संयंत्र की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के लिए नियमित करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने पर जोर दिया ताकि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की समय पर जानकारी मिल सके। विज्ञान प्रयोगशाला का समुचित विकास न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान उपकरणों के उपयोग की जानकारी ली तथा उनके द्वारा किए गए प्रयोगों की सराहना की। साथ ही उपकरणों को व्यवस्थित ढंग से रैक में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन में अधिक सुविधा मिल सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जामणाखाल का निरीक्षण किया। उन्होंने दिनचर्या किट औषधि कक्ष दवा पंजिका और अन्य अभिलेखों का अवलोकन करते हुए दवाओं को सुव्यवस्थित रखने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा बाह्य रोगी सेवाओं में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सप्ताह नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और उसका पृथक रजिस्टर संधारित करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने चिकित्सालय के स्थायी भवन के लिए चिन्हित भूमि का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि यदि क्षेत्र में कोई अनुपयोगी शासकीय भवन उपलब्ध हो तो उसका प्रस्ताव तैयार कर चिकित्सालय के उपयोग के लिए प्रस्तुत किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र पाण्डेय आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ.राकेश सेमवाल लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार प्रधानाचार्य हेमेन्द्र डोभाल पूर्व ग्राम प्रधान मेहरबान सिंह थपलियाल श्रवण थपलियाल मंगल सिंह असवाल बुद्धि सिंह भंडारी सहित अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। चौपाल का संचालन कठूड़ निवासी तथा रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल ने किया।
